आप’ सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर दिल्ली में पूर्वांचली मतदाताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया

राष्ट्रीय
Spread the love
Facebook
Twitter
Linkedin
Pinterest
Whatsapp

नयी दिल्ली: दो जनवरी (ए) आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दिल्ली की मतदाता सूची से पूर्वांचली लोगों के नाम काटने का प्रयास करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा “हमारे पूर्वांचली भाइयों को निशाना बना रही है, उन्हें बांग्लादेशी और रोहिंग्या कह रही है।”

सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में दावा किया, “भाजपा हमारे पूर्वांचली भाइयों को निशाना बना रही है, उन्हें बांग्लादेशी और रोहिंग्या कह रही है और उनके वोट काटने का काम कर रही है। मैं चुप नहीं रहूंगा। मैं इस अन्याय के खिलाफ सड़कों और संसद में लड़ूंगा।”पूर्वांचली पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग हैं जो दशकों से दिल्ली में बसे हैं और शहर में उनकी अच्छी खासी संख्या है।सिंह ने दावा किया कि शाहदरा, जनकपुरी, पालम, राजौरी गार्डन, हरि नगर, करावल नगर और मुस्तफाबाद समेत कई इलाकों में भाजपा नेताओं ने पूर्वांचलियों के वोट काटने के लिए आवेदन दिए हैं।

उन्होंने कहा, “अकेले शाहदरा में 11,000 पूर्वांचली मतदाताओं के नाम (मतदाता सूची से) काटने का लक्ष्य रखा गया था। इसी तरह जनकपुरी में 24 भाजपा कार्यकर्ताओं ने 4,874 मतदाताओं के नाम काटने के लिए आवेदन किया था और तुगलकाबाद में 594 वोट काटने के लिए आवेदन किया गया था।”

सिंह ने आरोप लगाया कि पालम में नौ भाजपा कार्यकर्ताओं ने 1,641 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का अनुरोध किया, जबकि राजौरी गार्डन में छह भाजपा कार्यकर्ताओं ने 571 मतदाताओं के नाम हटाने की मांग की।

इससे पहले, भाजपा ने सत्तारूढ़ ‘आप’ पर अवैध रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को दिल्ली में बसने में मदद करने, उन्हें आधिकारिक दस्तावेज मुहैया कराने और उन्हें वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था।

सिंह ने पूर्वांचलियों के मताधिकार की रक्षा के महत्व पर जोर दिया और कहा, ‘दिल्ली में दशकों से रह रहे ये उत्तर प्रदेश-बिहार के भाई पिछले 30-40 वर्षों से शहर के विकास में बहुत बड़ा योगदान दे रहे हैं। उनकी आवाज दबाने की ये रणनीति अस्वीकार्य है।”

उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को “भारतीय झूठा पार्टी” बताया और कहा, ‘जब हमने भाजपा की चालों को उजागर किया, तो उन्होंने आम आदमी पार्टी पर गलत तरीके से मतों को बढ़ाने और हटाने का आरोप लगाया।”

सिंह ने कहा, “केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हमारी मुख्यमंत्री (आतिशी) को एक पत्र लिखा है। मुझे आश्चर्य है कि उनमें अब भी किसानों के बारे में बात करने की हिम्मत है। उन्होंने किसानों की अनदेखी की और एमएसपी कानून अब भी लागू नहीं हुआ है। इस पार्टी की वजह से किसान नेता डल्लेवाल जी हड़ताल पर हैं। उन्हीं की वजह से महाराष्ट्र में किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि भाजपा को कभी भी किसानों के बारे में बात नहीं करनी चाहिए।

Facebook
Twitter
Whatsapp