उपराष्ट्रपति शनिवार को वाराणसी में काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 27 नवंबर (ए) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन शनिवार को वाराणसी में ‘काशी तमिल संगमम’ के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इसके समापन सत्र में शामिल होंगे। शिक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने बताया कि इस आयोजन में तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषाई और सभ्यतागत संबंधों का उत्सव मनाने के लिए 1,400 से अधिक प्रतिनिधि एकत्र होंगे। मंत्रालय ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित यह पहल दोनों क्षेत्रों के बीच संबंधों को मजबूत करने और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास करती है।’’मंत्रालय ने कहा, ‘‘पांचवें संस्करण में तमिल साहित्य की सबसे प्रसिद्ध कृतियों में से एक, तिरुक्कुरल के शाश्वत ज्ञान और नैतिक शिक्षाओं का उत्सव मनाया जाएगा।’’

‘तिरुक्कुरल पयिलवोम’ (आइए तिरुक्कुरल सीखें) विषय पर आधारित इस कार्यक्रम का समापन 12 दिसंबर को होगा। चौथे संस्करण का विषय ‘तमिल करकलम’ (आइए तमिल सीखें) था।

तीसरे संस्करण में महर्षि अगस्त्य के योगदान पर ध्यान केंद्रित किया गया था, जबकि दूसरे संस्करण में भाषणों का सीधा अनुवाद और पहले संस्करण में आठ दिनों तक विरासत स्थलों का भ्रमण शामिल था।

काशी तमिल संगमम का पहला संस्करण 2022 में आयोजित किया गया था। पिछले चार संस्करणों के दौरान इस पहल ने दोनों क्षेत्रों के बीच ज्ञान, भाषा, परंपराओं और जीवन के अनुभवों के सार्थक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया है।