कचरे के गड्ढे में मिला महिला का शव

राष्ट्रीय
Spread the love

कोच्चि: 23 अगस्त (ए)) केरल के एर्नाकुलम जिले में एक खाली पड़े मकान में कचरे के गड्ढे में एक अज्ञात महिला का आंशिक रूप से क्षत-विक्षत शव मिला है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शव एर्नाकुलम जिले के नेरियामंगलम के पास ओन्नुकल में मिला और संदेह है कि महिला की हत्या की गई है।

पुलिस अधिकारियों को संदेह है कि शव एर्नाकुलम जिले के वेंगूर की 61 वर्षीय महिला का हो सकता है, जिसके कई दिन पहले लापता होने की सूचना मिली थी।

अधिकारियों के अनुसार, यह मकान एर्नाकुलम के कुरुप्पमपडी में रहने वाले एक पादरी का है।

बुधवार को, पादरी ने देखा कि रसोई का निकास द्वार जोर-जबरदस्ती से खोला गया था, जिससे संकेत मिला कि किसी ने मकान में सेंध लगाई थी।

उन्होंने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद ओन्नुकल थाने में मामला दर्ज किया गया।

सूत्रों ने बताया कि जब मकान मालिक शुक्रवार को लौटा, तो उसे कचरे के गड्ढे से दुर्गंध आई, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचित किया।

पुलिस की एक टीम जल्द ही वहां पहुंची और आंशिक रूप से क्षत-विक्षत शव बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मकान के अंदर और गड्ढे के पास खून के धब्बे भी मिले हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हमने हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शव क्षत-विक्षत अवस्था में है और जांच के बाद ही पहचान की पुष्टि हो पाएगी। हमें संदेह है कि यह वेंगूर से लापता हुई महिला का शव है।”

पुलिस ने बताया कि जांच के बाद शव को एर्नाकुलम सरकारी मेडिकल कॉलेज, कलामस्सेरी ले जाया गया, जहां शनिवार को मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

इस बीच, सूत्रों के अनुसार पुलिस ने नेरियामंगलम में किराए के मकान में रहने वाली एक महिला को इस मामले में हिरासत में लिया है।

अधिकारियों ने बताया कि उसकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच जारी है।