मालखाने में आग लगने से 250 वाहन जलकर खाक

राष्ट्रीय
Spread the love
FacebookTwitterLinkedinPinterestWhatsapp

नयी दिल्ली: 29 जनवरी (ए) दिल्ली पुलिस के वजीराबाद इलाके में स्थित ‘मालखाना’ (यार्ड) में सोमवार तड़के आग लगने से कम से कम 250 वाहन जलकर खाक हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मालखाना’ वह स्थान होता है जहां जब्त किए गए वाहन रखे जाते हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि आग तड़के चार बजे लगी। सूचना मिलने पर दमकल की पांच गाड़ियों को आग बुझाने के काम में लगाया गया है। उन्होंने बताया कि आग बुझाने का काम करीब दो घंटे तक चला और सुबह छह बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मालखाने में खड़े 50 चार पहिया वाहन और 200 दोपहिया वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गए।

इससे पहले, दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने कहा था कि आग में लगभग 200 चार पहिया वाहन और 250 दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए थे।

दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने कहा कि कूलिंग अभियान पूरा होने के बाद आग में जले वाहनों की संख्या की गिनती की गई।

यह मालखाना 500 वर्ग गज में फैला हुआ है और इसका उपयोग हजारों जब्त किए गए वाहनों को पार्क करने के लिए किया जाता है। यह मैदान झाड़-झंखाड़ से घिरा हुआ है।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ऐसा संदेह है कि किसी ने ठंड से बचने के लिए छोटी सी आग जलाई और यह यार्ड तक फैल गई। उन्होंने बताया कि आग लगने के सही कारण का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की एक टीम को बुलाया गया है।पुलिस ने कहा कि इस संबंध में सोनिया विहार पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 435 (आग से उत्पात) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

FacebookTwitterWhatsapp