उत्तर पूर्वी दिल्ली में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (ए) उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने 34 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना मंगलवार रात करीब सवा नौ बजे हुई।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित मनीष यादव को उसके परिजन सिविल लाइंस स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी अधिवक्ता विवेक सिंह ने बताया कि यादव वहां से गुजर रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावर आए और उस पर गोलियां चला दीं।

सिंह ने कहा कि उस पर तीन गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली उसके सिर में लगी और वह जमीन पर गिर गया।

उन्होंने बताया कि वह यादव को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे, लेकिन एक ही इलाके में रहने के कारण उससे परिचय था।

पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने अपराध स्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (सामान्य मंशा) के साथ-साथ शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत सोनिया विहार थाने में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं। टीम को संदिग्धों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।