बांदा (उप्र): 26 सितंबर (ए) उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की बिसंडा थाना पुलिस ने एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
बबेरू क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि बिसंडा थाना पुलिस ने इटरा मिलौली गांव निवासी तांत्रिक परशुराम यादव (55) को शुक्रवार की शाम पवई गांव के मोड़ से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व नरैनी क्षेत्र की एक महिला अपनी बीमार 13 साल की बेटी को झाड़-फूंक कराने के लिये तांत्रिक के पास लेकर गई थी, जहां तांत्रिक ने किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है और गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है।
