नयी दिल्ली: 10 मार्च (ए)
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, आठ मार्च को नयी सीमापुरी में हुए झगड़े की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
अधिकारी ने कहा, ‘पूछताछ के दौरान टीम ने पाया कि आरोपी जावेद उर्फ गुंडा (28) की पैसों के विवाद को लेकर रकीबुल (26) और आमिर (27) के साथ तीखी बहस हुई थी।’
इस दौरान जावेद ने दोनों पर कैंची से हमला कर दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां रकीबुल की जान बच गई जबकि आमिर की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई जिसने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में आरोपी हमले के बाद इलाके में घूमता हुआ दिखाई दे रहा था।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी विश्लेषण की मदद से न्यू सीमापुरी के एक झुग्गी बस्ती इलाके से जावेद को पकड़ लिया गया और अपराध में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, जावेद पढ़ा लिखा नहीं है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी सीमापुरी थाने में दर्ज कम से कम दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।