कैफे मालिक की हत्या : नेपाल सीमा के पास मिली ‘लिव-इन’ साथी की कार

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: 14 अक्टूबर (ए) लखनऊ में 27 वर्षीय कैफे मालिक शिवा शर्मा की हत्या के मामले में बुधवार को लगातार पांचवें दिन आरोपियों की तलाश का अभियान जारी रहने के बीच मामले की मुख्य आरोपी और शर्मा के साथ सहजीवन (लिव-इन) में रही श्रद्धा दुबे के नाम पर पंजीकृत कार बहराइच जिले में नेपाल सीमा के पास खड़ी पायी गयी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक श्रद्धा दुबे के नाम पर पंजीकृत काले रंग की कार नेपाल सीमा से करीब एक किलोमीटर दूर रुपईडीहा कस्बे में खड़ी पायी गयी है।

जांच से जुड़े एक पुलिसकर्मी ने बताया कि वाहन मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे और एक अन्य आरोपी तनवीर अली उर्फ दानिश नेपाल भाग गए हों।

हालांकि, तीनों के नेपाल में प्रवेश करने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच, लखनऊ पुलिस ने मामले में वांछित तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वालों को 25-25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

उधर, श्रद्धा की सौतेली मां ने रायबरेली जिले के मलिक मऊ आयमा स्थित अपने पैतृक घर पर संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि श्रद्धा पिछले कई वर्षों से परिवार के संपर्क में नहीं थी और घर भी नहीं आती थी।

श्रद्धा और शिवा के बीच फोन पर हुई कथित बातचीत की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग बुधवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई, जिसमें दोनों के बीच बहस होती सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।

रिकॉर्डिंग में महिला कथित तौर पर शिवा के ज्यादा वक्त तक बाहर रहने पर नाराजगी जताते हुए एक व्यक्ति को इसकी जानकारी देने की बात कहती सुनाई देती है, जिसे वह ‘सर’ कहकर संबोधित कर रही है।

हालांकि पुलिस ने इस रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

शिवा शर्मा की गत नौ अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे संभावित दुर्घटना माना गया था, लेकिन परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवा के साथ मारपीट के बाद उसे इमारत से नीचे फेंका गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार परिजनों की शिकायत के आधार पर इस सिलसिले में हत्या का मामला दर्ज कर श्रद्धा, उसकी बहन, उनके वाहन चालक और दो अन्य लोगों को नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।