चंद्रयान-3 लैंडर जिस स्थान पर उतरा, उसका नाम होगा ‘शिव-शक्ति पॉइंट’ : मोदी

राष्ट्रीय
Spread the love
FacebookTwitterLinkedinPinterestWhatsapp

बेंगलुरु, 26 अगस्त (ए) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को घोषणा की है कि चंद्रयान-3 का लैंडर चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर उतरा है, उसका नाम ‘शिव-शक्ति पॉइंट’ होगा, जो कल्याण एवं ताकत का मेल है।.

मोदी चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों से मिलने के लिए यूनान की राजधानी एथेंस से शनिवार को सीधे बेंगलुरु पहुंचे और उन्होंने घोषणा की कि जिस स्थान पर लैंडर ‘विक्रम’ उतरा था, उसका नाम ‘शिव शक्ति पॉइंट’ रखा जाएगा।

Powered Byblob:https://hindi.theprint.in/2dabee03-3ab0-4ca5-a5e6-3bc7d3b10117

PauseUnmute

Loaded: 5.45%Fullscreen

प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के इतिहास का ‘‘असाधारण क्षण’’ करार दिया।

मोदी यहां स्थित ‘इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क’ (आईएसटीआरएसी) में वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने 2019 में अपने पदचिह्न छोड़े थे, उसे ‘तिरंगा पॉइंट’ के नाम से जाना जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘सतह पर उतरने की जगह का नामकरण करने की वैज्ञानिक परंपरा रही है। भारत ने चंद्रमा के उस क्षेत्र का नामकरण करने का फैसला किया है, जहां हमारा चंद्रयान-3 उतरा था। जिस स्थान पर ‘विक्रम’ लैंडर उतरा था, उसे ‘शिव शक्ति पॉइंट’ के नाम से जाना जाएगा।’’

मोदी ने कहा, ‘‘शिव में मानवता के कल्याण का संकल्प समाहित है और ‘शक्ति’ से हमें उन संकल्पों को पूरा करने का सामर्थ्य मिलता है। चंद्रमा का ‘शिवशक्ति पॉइंट’ हिमालय के कन्याकुमारी से जुड़े होने का बोध कराता है।’’

उन्होंने कहा कि नयी पीढ़ी को भारत के शास्त्रों में वर्णित खगोलीय सूत्रों को वैज्ञानिक ढंग से सिद्ध करने और उनका नये सिरे से अध्ययन करने के लिए आगे आना चाहिए।

मोदी ने कहा, ‘‘यह हमारी विरासत और विज्ञान के लिए भी जरूरी है। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय के छात्रों का आज दोहरा दायित्व है। भारत के पास विज्ञान के ज्ञान का जो खजाना है, वह गुलामी के लंबे कालखंड में दब गया है, छिप गया है। आजादी के इस अमृतकाल में हमें इस खजाने को भी खंगालना है, उस पर शोध करनी है और इसके बारे में दुनिया को भी बताना है।’’

इसरो के वैज्ञानिकों के दल को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘मैं आपसे मिलने और आपके परिश्रम, समर्पण, साहस, लगन और जज्बे को सलाम करने के लिए अधीर और उत्सुक था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत चंद्रमा पर है। हमारे राष्ट्र का गौरव चंद्रमा पर पहुंच गया है।’’

FacebookTwitterWhatsapp