छत्तीसगढ़: भाजपा नौ लोकसभा सीट पर तथा कांग्रेस दो पर आगे

छत्तीसगढ़ रायपुर
Spread the love
FacebookTwitterLinkedinPinterestWhatsapp

रायपुर: चार जून (ए) छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार राज्य में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नौ सीट पर तथा कांग्रेस दो सीट पर आगे है।

राज्य में मंगलवार सुबह आठ बजे 33 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हुई। पहले आधे घंटे में डाक मतपत्रों की गिनती की गई ।

अधिकारियों ने बताया, ”मतगणना मंगलवार को सुबह आठ बजे से राज्य के 33 जिला मुख्यालयों में एक-एक केंद्र पर शुरू हुई।”

निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार सरगुजा सीट पर भाजपा के चिंतामणी महाराज कांग्रेस की शशि सिंह से, रायगढ़ सीट पर राधेश्याम राठिया कांग्रेस की डॉ. मेनका देवी सिंह से, जांजगीर-चांपा सीट पर भाजपा की कमलेश जांगड़े कांग्रेस डॉ. शिव डहरिया से, कोरबा सीट पर भाजपा की सरोज पांडेय कांग्रेस की ज्योत्सना महंत से आगे हैं।

इसी तरह दुर्ग सीट पर भाजपा के विजय बघेल कांग्रेस के राजेंद्र साहू से, महासमुंद सीट पर भाजपा की रूप कुमारी चौधरी कांग्रेस के ताम्रध्वज साहू से, बस्तर सीट पर भाजपा के महेश कश्यप कांग्रेस के कवासी लखमा से तथा कांकेर सीट पर भाजपा के भोजराज नाग कांग्रेस के बिरेश ठाकुर से आगे हैं।

वहीं राजनांदगांव सीट पर कांग्रेस के भूपेश बघेल भाजपा के संतोष पांडेय से 8790 मतों से तथा बिलासपुर से कांग्रेस के देवेंद्र यादव भाजपा के तोखन साहू से आगे हैं।

राज्य की 11 लोकसभा सीट पर 72.8 प्रतिशत मतदान हुआ था, जिसके लिए 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को तीन चरणों में मतदान संपन्न हुआ था।

अधिकारियों ने बताया कि मतगणना केन्द्रों में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जहां प्रत्येक स्तर पर पहचान पत्र की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

राज्य सरकार में मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल, कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और तीन निवर्तमान सांसद सहित 220 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होगा।

राज्य में 2004 से 2014 तक तीन आम चुनावों में भाजपा ने कुल 11 में से 10 सीटें जीती थीं। वर्ष 2019 के चुनावों में, भाजपा ने नौ और कांग्रेस ने दो सीट जीतीं।

FacebookTwitterWhatsapp