झारखंड: पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया; पानी की बौछारें छोड़ीं; आंसू गैस के गोले दागे

झारखण्ड रांची
Spread the love

रांची: 10 अगस्त (ए) प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने अवरोधक तोड़े और राज्य विधानसभा तक पहुंचने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उनपर पानी की बौछारें कीं, आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया।

कई प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में वे घायल हो गए। कई हिरासत में लिए गए हैं। पुलिस ने अब इस बवाल के पीछे की वजह बताई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमने बहुत संयम रखा…क्योंकि सामने छात्र थे। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब प्रदर्शनकारी नए विधानसभा परिसर की ओर जाने वाले मार्ग पर जगन्नाथपुर मंदिर के पास अंतिम अवरोधक तक पहुंचे थे। वर्तमान में झारखंड विधानसभा का सत्र चल रहा है।सोमवार सुबह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन करते हुए विधानसभा की ओर बढ़े। पुलिस बल पहले से मुस्तैद था और सात स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई थी। 6 बैरिकेड तोड़कर जब छात्र सातवें बैरिकेडिंग के पास पहुंचे तो पुलिस बल ने उन्हें रोकने के लिए पहले वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछारों का असर नहीं पड़ने पर पुलिस कर्मियों को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पड़े।