तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत; 12 घायल

राष्ट्रीय
Spread the love

चंडीगढ़: 18 अक्टूबर (ए) पंजाब के संगरूर जिले में लहरागागा-जाखल मार्ग पर रविवार को एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना अलीशेर गांव के पास उस समय हुई जब ‘विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण’ (वीबी-जी राम जी) के तहत पंजीकृत 20 से अधिक मजदूरों का समूह कुछ काम में लगा हुआ था। इनमें से कई महिलाएं भी थीं और कुछ मजदूर सड़क के किनारे बैठे हुए थे।तभी वे सभी अचानक आई तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान करमजीत कौर, देस राज सिंह, जीवन सिंह, रंजीत कौर, बंतो कौर, सरबजीत कौर, रानी कौर और निक्की कौर के रूप में हुई है।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने इस दर्दनाक हादसे पर शोक व्यक्त किया है।