भागलपुर: 22 अक्टूबर (ए) बिहार के भागलपुर जिले में बृहस्पतिवार सुबह अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने एक दुकानदार और उसकी पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह घटना जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के एक स्थानीय बाजार में सुबह करीब चार बजे हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।मृतकों की पहचान रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। दंपति नवगछिया पुलिस जिले में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे।
नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सायेम रजा ने घटना की पुष्टि करते हुए पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है, क्योंकि दंपति को बेहद नजदीक से गोली मारी गई।’’
उन्होंने बताया कि घटनास्थल की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम बुलाई गई थी, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने मामले में दो आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह वारदात के समय दंपति अपनी दुकान के अंदर सो रहे थे। हमलावरों ने पहले रंजन मंडल को गोली मारी। इसके बाद उनकी पत्नी घर की ओर भागने लगीं, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और आंख के पास बेहद करीब से दो गोलियां मार दीं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने रंजन मंडल के भाई की ढाई वर्षीय बेटी पल्लवी कुमारी के हाल में लापता होने के मामले में भी पुलिस की कथित निष्क्रियता पर चिंता जताई।
नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि बच्ची के लापता होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।
