प्रयागराज (उप्र), 15 अक्टूबर (ए) प्रयागराज में कर्नलगंज थानाक्षेत्र के सलोरी में बृहस्पतिवार दोपहर नजूल की जमीन को लेकर विवाद में ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के ‘लैब अटेंडेंट’ (प्रयोगशाला कर्मी) सतीश चंद्र श्रीवास्तव (52) की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (नगर) सागर जैन ने बताया कि आज सलोरी में उच्च न्यायालय के अपर शासकीय अधिवक्ता देवेन्द्र नाथ मिश्रा एक विवादित संपत्ति पर पहुंचे और वहां सतीश चंद्र श्रीवास्तव द्वारा लगाए गए ताले को तोड़ दिया, फलस्वरुप दोनों के बीच वाद -विवाद हुआ।
उन्होंने बताया कि एक पक्ष ने गोली चला दी जिससे श्रीवास्तव के पेट में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जैन के अनुसार श्रीवास्तव को उनके परिजन एसआरएन अस्पताल ले गये जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस घटना के सिलसिले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस के तीन दलों का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा विवादित संपत्ति के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
श्रीवास्तव के वकील अंबुज मिश्रा ने बताया, “वाद-विवाद के समय मैं उच्च न्यायालय में था और मेरे पास फोन आया कि देवेन्द्र नाथ मिश्रा अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ मिलकर सतीश चंद्र और उनके परिजनों के साथ मारपीट कर रहे हैं।”
उन्होंने दावा किया, “मौके पर पहुंचने पर मैंने देखा कि देवेन्द्र नाथ मिश्र और उनके परिवार के लोग मारपीट कर रहे हैं। सलोरी चौकी प्रभारी विनय यादव ने देवेन्द्र को पीछे से पकड़ रखा था। तभी देवेन्द्र ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और सतीश को गोली मार दी। गोली चलाने से पहले देवेन्द्र के लड़के नितेंद्र ने सतीश पर बांस से वार किया और वार चूकने पर बांस देवेन्द्र को लगा जिससे वह घायल हो गए।”
मिश्रा ने बताया कि इस हमले में घायल देवेन्द्र का इलाज बेली अस्पताल में चल रहा है।
