दो सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत

झारखण्ड पूर्व सिंहभूम
Spread the love

जमशेदपुर/गिरिडीह: 26 सितंबर (ए) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम और गिरिडीह में शुक्रवार को दो सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार ये दुर्घटनाएं पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा और गिरिडीह के बड़कीटांड इलाके में हुईं।शुक्रवार दोपहर गिरिडीह-टुंडी मुख्य मार्ग पर ताराटांड़ थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक और सवारी पिकअप वैन में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप सड़क किनारे पलट गई और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान नंद किशोर (47), कमल (38) और जगदीश भोक्ता (45) के रूप में हुई है। इस हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से दो को धनबाद स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के साथ ताराटांड थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस व स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत से घायलों को बाहर निकाला।
बताया गया कि पिकअप वैन पर सवार ज्यादातर लोग गिरिडीह के बेंगाबाद के निवासी थे और हजारीबाग में मजदूरी करते थे। वे दुर्गा पूजा की छुट्टी में गांव लौट रहे थे।
इसके पहले गुरुवार देर रात पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-18 पर झरिया मोड़ के पास भी भीषण सड़क हादसा हुआ। कोलकाता से जमशेदपुर जा रही एक मारुति स्विफ्ट कार को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसके परखच्चे उड़ गए और उसपर सवार तीनों की मौके पर मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कार चालक गणेश राय (50), जमशेदपुर निवासी कुसुमिता पटनायक (55) और उनकी बेटी मोनिका पटनायक (28) के रूप में की गई है। कार में सवार लोग किसी निजी कार्य के लिए कोलकाता गए थे और जमशेदपुर लौट रहे थे। शुक्रवार दोपहर शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।