धर्म परिवर्तन के लिए दबाव और प्रलोभन देने के आरोप में 16 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर, 23 सितंबर (ए) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में लोगों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और प्रलोभन देने के आरोप में पुलिस ने 16 नामजद लोगों सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, आदित्य डिंडोर की शिकायत पर सल्लोपाट थाने में मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए एक लाख रुपये और हर महीने 25 हजार रुपये देने के अलावा सिविल सेवा में चयन, वाहन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रलोभन दिया जा रहा था।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर मारपीट की गई। शिकायतकर्ता ने जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का भी आरोप लगाया है।

सल्लोपाट थाना प्रभारी जयेश पाटीदार ने कहा, ‘‘शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में 16 लोगों को नामजद किया गया है। बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आगे की कार्रवाई जारी है।’’

प्राथमिकी के अनुसार, 22 सितंबर को शिवपुरा में कथित तौर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें करीब 100 से 150 लोग शामिल हुए थे। प्राथमिकी में आवासीय परिसर से कथित तौर पर गिरजाघर संचालित किए जाने और धर्म परिवर्तन में एक बड़े समूह के शामिल होने के आरोप भी लगाए गए हैं।

पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और हाल में लागू राजस्थान विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2025 की धाराओं के तहत दर्ज किया है।