बलात्कार के आरोपी ने भाभी की हत्या की, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश उन्नाव
Spread the love
FacebookTwitterLinkedinPinterestWhatsapp

उन्नाव: 18 दिसंबर (ए) उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक चौंकाने वाली घटना में 27 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी भाभी की कथित तौर पर हत्या कर दी और उसके शव को जलाने की कोशिश की।

आसीवन के थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि आरोपी रोहित (27) ने सोमवार रात अपनी 40 वर्षीय भाभी निशा (बदला हुआ नाम) की हत्या कर दी और घर से 50 मीटर दूर एक खेत में उसके शव को जलाने की कोशिश की।सिंह ने कहा, ‘घटना तब प्रकाश में आई, जब पीड़िता के नाबालिग बेटे ने इसे देखा और शोर मचाया। इसके बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई, लेकिन शव पहले ही आंशिक रूप से जल चुका था।’पुलिस ने खुलासा किया कि रोहित पहले भी पीड़िता के पति द्वारा उसके खिलाफ दर्ज कराए गए बलात्कार के मामले में जेल जा चुका है। उसे पिछली 30 नवंबर को जमानत पर रिहा किया गया था और माना जा रहा है कि उसने इसी विवाद के चलते हत्या की है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को मंगलवार सुबह आसीवन थाना क्षेत्र के कोडवाखेड़ा चौराहे पर पकड़ने की कोशिश की।भूकर के अनुसार, ‘आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान हुई गोलीबारी में रोहित पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। रोहित को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है।’

पुलिस ने मौके से 315 बोर की पिस्तौल, एक कारतूस और बैरल में फंसा एक खोखा बरामद किया। रोहित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम के तहत आरोप जोड़े गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पति ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

Facebook
Twitter
Whatsapp