भदोही से अगवा की गई किशोरी तीन महीने बाद बरामद, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश भदोही
Spread the love

भदोही (उप्र): 24 अगस्त (ए) भदोही जिले में तीन माह पहले कथित रूप से अगवा की गई 16 वर्षीय एक किशोरी को पुलिस ने जौनपुर से सकुशल बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी अरमान नोनी (20) को विधिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है और किशोरी की मेडिकल जांच कराई गई है।भदोही शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) शैलेश कुमार राय ने बताया कि किशोरी 21 मई की शाम घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी।राय के अनुसार तलाश के दौरान पता चला कि किशोरी को मोहल्ले के ही पप्पू के साले अरमान नोनी के साथ देखा गया था।

कोतवाली प्रभारी का कहना है कि इस पर किशोरी के पिता ने पप्पू और उसके पिता कैलाश से पूछताछ की तो उन्होंने उसे धमकी देकर भगा दिया।

राय ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर 26 मई को अरमान, कैलाश और कैलाश के बेटे पप्पू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अपहरण और जानबूझकर अपमान करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की गई थी।

उन्होंने बताया कि रविवार को एक सूचना के आधार पर जौनपुर जिले के बख्शा थानाक्षेत्र में एक मकान से किशोरी को बरामद कर आरोपी अरमान नोनी को गिरफ्तार किया गया है।राय ने बताया कि किशोरी की मेडिकल जांच सोमवार को कराई गई है और अदालत में कलमबंद बयान के बाद अन्य सुसंगत धारा भी जोड़ी जायेंगी।

इस मामले में आरोपी का जीजा पप्पू और उसका पिता कैलाश फरार हैं।