चेन्नई, 21 जुलाई (ए) मणिपुर में महिलाओं पर हुई हिंसा की निंदा करते हुये युवा कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई ने शुक्रवार को यहां प्रदर्शन किया और पीड़िताओं के लिए न्याय तथा राज्य सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।.
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में ‘मणिपुर बचाओं’ की तख्तियां लेकर मणिपुर में महिलाओं पर हुई बर्बरता की निंदा की और केंद्र तथा मणिपुर सरकार के खिलाफ नारे लगाए।.युवा कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष लेनिन प्रसाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा न केवल मणिपुर बल्कि देश के कई अन्य हिस्सों में दलितों, अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्ग के लोगों पर अत्याचार कर रही है।
उन्होंने मणिपुर हिंसा को लेकर कहा कि पीड़िताओं को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध के अपराधियों को मौत की सजा दी जाए।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को पहले ही इस्तीफा दे देना चाहिए था। हालांकि, उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसलिए केंद्र को राज्य सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए।’