गोंडा (उप्र): 25 मई (ए)।
वीडियो में भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप पार्टी कार्यालय पर एक महिला कार्यकर्ता के साथ अश्लील हरकत करते दिखाई दे रहे हैं। पार्टी के एक कार्यकर्ता ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए पार्टी नेतृत्व से इसकी शिकायत की। आरोपी भाजपा जिलाध्यक्ष ने इसे विरोधियों की चाल बताया है।शिकायतकर्ता ने अपना नाम भी गोपनीय रखने का अनुरोध किया है और लिखा है कि नाम सार्वजनिक होने पर उसे प्रताड़ित किया जा सकता है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने इन आरोपों को गलत बताते हुए इसे विरोधियों की साजिश बताया है। भाजपा जिलाध्यक्ष का यह वीडियो बीते 12 अप्रैल का बताया जा रहा है। पार्टी कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुए इस विडियो को मुताबिक भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उर्फ बम बम 12 अप्रैल की रात 9.34 बजे अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार से पार्टी कार्यालय पहुंचते हैं। जिलाध्यक्ष को देखकर एक युवक उनसे मिलने पहुंच जाता है। वह युवक से गेट पर ही कुछ मिनट तक बात करते हैं और फिर वापस पलट कर अपनी कार का पिछला गेट खोलते हैं। गेट खुलते ही उसमें से एक महिला नीचे उतरती है और तेज कदमों से कार्यालय की सीढियों की तरफ चली जाती है। जिलाध्यक्ष भी उसके पीछे जाते हैं ओर फिर सीढियों पर ही उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए ऊपर चले जाते हैं। महिला भी उनके पीछे चली जाती है। करीब 5 मिनट से अधिक का यह सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उर्फ बमबम ने इसे विरोधियों की साजिश बताया है। एक यू ट्यूब चैनल से बात करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि विडियो में दिख रही महिला पार्टी कार्यकर्ता है। वह 12 अप्रैल को ट्रेन से रेलवे स्टेशन पर उतरी थी। उसने अपनी तबीयत खराब होने का हवाला देकर उनसे मदद मांगी तो वह उसकी मदद के लिए चले गए थे। उसने कुछ देर आराम करने की बात कही तो वह उसे पार्टी कार्यालय ले आए। जब वह सीढियों से उपर चढ़ रही थी तो उसे चक्कर आ गया। उसे संभालने के लिए उन्होने उसे पकड़ लिया था। अब विरोधी उसका गलत मतलब निकालकर उन्हे बदनाम कर रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जवाब-तलब किया है.इसमें कहा गया, “प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार आपको इस आशय से कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है कि आप अपना स्पष्टीकरण सात दिनों के अन्दर भाजपा प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराने का कष्ट करें. समय से स्पष्टीकरण एवं संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर पार्टी द्वारा कठोरतम कार्यवाही की जाएगी.”