विपक्षी दलों ने किया देश को गुमराह : राजनाथ

उत्तर प्रदेश बलिया
Spread the love
Facebook
Twitter
Linkedin
Pinterest
Whatsapp

बलिया (उत्तर प्रदेश), 22 फरवरी (ए) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन से विवाद को लेकर विपक्षी दलों पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि सभी राजनीतिक दलों को देश की एकता एवं अखंडता को बनाये रखने के साथ ही सुरक्षा के मसले पर दलगत भावना से ऊपर उठकर एक साथ खड़े होना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस ,समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर नफरत पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने घृणा की राजनीति को पैदा किया और सपा ने इसे आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम नफरत की राजनीति नहीं करते और न ही जात-पात के आधार पर भेदभाव करते हैं।’’ सिंह ने जिले के सिकन्दरपुर क्षेत्र के बंशीबाजार में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए चीन विवाद को लेकर विपक्षी दलों पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गलवान घाटी के मसले पर गुमराह करने की कोशिश की गई।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को सैनिकों के शौर्य और साहस पर सवाल नहीं खड़े करने चाहिए क्योंकि इससे सेना के जवानों के मनोबल पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाये रखने के साथ ही सुरक्षा के मसले पर राजनीति को परे रखकर सभी राजनैतिक दलों को एक साथ खड़े होना चाहिए।

रक्षा मंत्री ने दावा किया कि चीन और पाकिस्तान की दोस्ती देश के पूर्ववर्ती प्रधानमंत्रियों पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे कुछ भी हो जाये, भारत माता का मस्तक झुकने नही देंगे। मैं उरी और पुलवामा में हुई घटना के दर्द को कभी भी भूल नहीं सकता।’’

उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद भारत ने दस मिनट में फैसला लेकर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘एयर स्ट्राइक’ की। उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने इसके जरिये दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अब कमजोर नहीं रहा। भारत इस पार भी मार सकता है तथा सीमा के उस पार भी मार सकता है।”

Facebook
Twitter
Whatsapp