संपत्ति विवाद के कारण लाठी-डंडे से पीट-पीटकर व्यक्ति की हत्या

उत्तर प्रदेश बलरामपुर
Spread the love

बलरामपुर (उप्र) 14 अगस्त (ए) उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में संपति विवाद के कारण लाठी-डंडे से पीट-पीट कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस के एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार हत्या के आरोप में दो महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस अधीक्षक (एसपी) विकास कुमार ने शुक्रवार को बताया कि बुधवार की देर शाम कुछ लोग संपति विवाद के कारण महराजगंज कस्बे के निवासी मोनू सिंह के घर पहुंचे और मोनू सिंह तथा उसके भाई सोनू सिंह को लाठी डंडे एवं ईंट मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

उन्‍होंने बताया कि सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

एसपी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सोनू सिंह (32) को बहराइच के अस्पताल भेज दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके देव बक्स सिंह, सुरेन्द्र नाथ अग्रवाल, गुड्डी सिंह, राकेश प्रताप सिंह, शशिभूषण सिंह, अक्षय सिंह, ननकू सिंह, राज सिंह , कल्पना सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि हमले में इस्तेमाल लाठी डंडे बरामद कर लिए गए हैं।