हरियाणा चुनाव: एक बजे तक 36 प्रतिशत से अधिक मतदान

राष्ट्रीय
Spread the love
Facebook
Twitter
Linkedin
Pinterest
Whatsapp

चंडीगढ़ : पांच अक्टूबर (ए) हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिए चुनाव में शनिवार को अपराह्न एक बजे तक 36 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। यहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, जबकि कांग्रेस एक दशक बाद वापसी की कोशिश में हैं।मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से हो रही है।

उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे प्रारंभ हुई और अपराह्न एक बजे तक 36.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इस चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा के अनिल विज और ओपी धनखड़, कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विनेश फोगाट, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अभय सिंह चौटाला और जननायक जनता पार्टी (जजपा) के दुष्यंत चौटाला शामिल हैं।

मतदान शाम छह बजे समाप्त होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

पंचकूला जिले में 25.89 और गुरुग्राम जिले में 27.70 प्रति मतदान रहा, जो अपेक्षाकृत धीमा था।

अपराह्न एक बजे तक अंबाला में 39.47, भिवानी में 38.27, चरखी दादरी में 29.62, फरीदाबाद में 31.71, फतेहाबाद में 40, हिसार में 38.34, झज्जर में 36.93, जींद में 41.93, कैथल में 38.18, करनाल में 39.74, कुरूक्षेत्र में 41.05, महेंद्रगढ़ में 38.20, मेवात (नूंह) में 42.64, पलवल 41.85, पानीपत 38.24, रेवाडी 35.10, रोहतक 36.19, सिरसा 34.78, सोनीपत 33.64 और यमुनानगर में 42.08 प्रतिशत मतदान हुआ।

कुरुक्षेत्र के लाडवा से चुनाव लड़ रहे सैनी ने अंबाला जिले के नारायणगढ़ स्थित अपने पैतृक गांव मिर्जा में वोट डाला।

सैनी ने कहा, ‘‘हरियाणा की जनता का साफ इरादा है, भाजपा तीसरी बार बड़े जनादेश के साथ सरकार बनाने जा रही है।’’

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एम. एल. खट्टर ने करनाल में अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि मनु भाकर ने अपने माता-पिता के साथ झज्जर जिले के गोरिया गांव में मतदान किया।

कांग्रेस के दिग्गज नेता हुड्डा, कुमारी शैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया और कहा कि उनकी पार्टी अगली सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी के चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस आला कमान अगले मुख्यमंत्री पर फैसला करेगा।पेरिस ओलंपिक की पदक विजेता मनु भाकर ने खासकर युवाओं समेत सभी लोगों से घरों से निकलने और मतदान करने की अपील की। उनके पिता राम किशन भाकर ने बताया कि 22 वर्षीय मनु ने पहली बार वोट डाला।

Facebook
Twitter
Whatsapp