नयी दिल्ली: 20 फरवरी (ए)
एक अधिकारी ने बताया कि 16 फरवरी को रात करीब 11.30 बजे इलाके में एक घर पर गोलीबारी के संबंध में पीसीआर को सूचना दी गई।
उन्होंने कहा, ‘पुलिस के दल तुरंत घर पहुंचे जहां एक लड़के को आवास के बाहर खड़े रहने के दौरान कंधे में गोली लग गई थी।”
पुलिस को दिए अपने बयान में लड़के ने बताया कि उसने पटाखे जैसी आवाज़ सुनी और तुरंत ही उसके कंधे में जलन महसूस हुई। उसने गोली चलाने वाले को नहीं देखा और इलाके में किसी से उसकी कोई दुश्मनी नहीं है।
घटनास्थल की जांच के दौरान कारतूस का कोई खाली खोखा या अन्य सामग्री बरामद नहीं हुई। घायल को तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया। चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार, उसके बाएं कंधे में गोली फंसी हुई पाई गई। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
एक फोरेंसिक टीम और मोबाइल अपराध इकाई ने घटनास्थल का मुआयना करके सबूत जुटाए। घायल के बयान और चिकित्सा जांच के आधार पर विजय विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने कहा कि गोली कहां से चलाई गई इसका पता लगाने और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।