शिमला: नौ जनवरी (ए)
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों को बचाव कार्य में मदद करते और बस के मलबे से घायलों को निकालने की कोशिश करते देखा जा सकता है।कुपवी से शिमला जा रही यह बस जैसे ही हरिपुरधार के पास पहुंची, अचानक सड़क से फिसलकर सैकड़ों फीट नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल यात्री मदद के लिए कराहते रहे, जबकि कई लोग मौके पर ही दम तोड़ बैठे।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने जान की परवाह किए बिना खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जानकारी में 8 लोगों की मौत की बात सामने आई, हालांकि मृतकों की संख्या 14 से बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि पुलिस और अन्य आपातकालीन टीमें लगातार घायलों को बाहर निकालने में जुटी हैं और वह स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हायर संगड़ाह, ददाहू और नाहन रेफर किया गया है। मेडिकल कॉलेज नाहन में भी आपात व्यवस्था की गई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रशासन हर पहलू की जांच में जुट गया है।