संघर्ष शुरू होने के बाद से इजराइल में 16 लोग मारे गए और 4,500 से अधिक घायल: अधिकारी

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

तेल अवीव/नयी दिल्ली: 24 मार्च (ए)) पिछले महीने के अंत में ईरान के साथ संघर्ष शुरू होने के बाद से इजराइल में 16 लोग मारे गए हैं और 4,500 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इजराइल की आपातकालीन चिकित्सा सेवा ने यह जानकारी दी।

पश्चिम एशिया में यह संघर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ, जब अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में ईरान के सैन्य और अन्य स्थानों को निशाना बनाया गया।

इजराइल की राष्ट्रीय आपातकालीन चिकित्सा सेवा ‘मैगन डेविड एडोम’ (एमडीए) के आपदा प्रबंधन समन्वयक चैम राफालोव्स्की ने सोमवार को कहा कि फरवरी के अंत से अब तक 16 लोगों की मौत की सूचना मिली है, जबकि 4,564 लोगों का अस्पताल में उपचार किया गया।

तेल अवीव से ‘पीटीआई वीडियो’ के साथ बातचीत में राफालोव्स्की ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन आंकड़ों की पुष्टि की है। ये लोग मिसाइल हमलों, नष्ट की गई मिसाइल के छर्रों या आश्रय लेने के दौरान हुई दुर्घटनाओं में घायल हुए।

राफालोव्स्की ने कहा, ‘‘कल लेबनान की सीमा पर हिजबुल्लाह की गोलाबारी में एक किसान मारा गया।’’

व्यापक तनाव बढ़ने के बीच हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजराइल में रॉकेट और तोपखाने से हमले तेज कर दिए हैं।

राफालोव्स्की ने बताया कि आवश्यक आवागमन के लिए परिवहन संपर्क आंशिक रूप से चालू हैं। अकाबा (जॉर्डन) और ताबा (मिस्र) के रास्ते और हवाई मार्ग खुले हैं, हालांकि ये सुरक्षा परामर्श के अधीन संचालित हो रहे हैं।

इजराइल के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्यरत भारतीय नर्सों और देखभालकर्ताओं सहित विदेशी कामगारों से अधिकारियों और नियोक्ताओं द्वारा जारी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘इजराइल में भारतीय मुख्य रूप से स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों की देखभाल करने वाले के रूप में कार्यरत हैं। और हम इन कठिन परिस्थितियों में यहां रहने और महत्वपूर्ण कार्य जारी रखने के लिए उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं।’