Site icon Asian News Service

फतेहगढ़ जेल में बंदियों का उपद्रव, फायरिंग, आगजनी, पथराव में 30 पुलिस कर्मी घायल

Spread the love


फर्रुखाबाद , 07 नवम्बर (ए)। यूपी के फतेहगढ़ जिला जेल में एक बीमार बंदी की की उपचार के दौरान हुई मौत के बाद रविवार सुबह बंदियों ने जमकर बवाल काटा है। मारपीट, ताबड़तोड़ फायरिंग और आगजनी की स्थिति को नियंत्रण करने के लिए टीम मौके पर पहुंच गई है। जिलाधिकारी संजय सिंह जिला जेल पर पहुंच गए है। वहीं जेल की छत पर चढ़कर बंदी पुलिस पर पथराव कर रहे हैं। उपद्रव कर रहे बंदियों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस छोड़े है।

जिला जेल में बवाल के दौरान बंदियों के हमले में 30 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं । 

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि जिला जेल में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। सुबह 7:45 बजे जेल में बवाल हुआ। जेल के बंदी  संदीप यादव को डेंगू हो गया था। उसे इलाज के लिए सैफई के अस्पताल भेजा गया था। शनिवार को उसकी वहां पर मौत हो गई। इसकी जानकारी जब यहां आई तो रविवार की सुबह बैरिक संख्या 9 और 2 में बवाल हुआ है। बवाल पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया गया है। बंदियों को खाना दिया जा रहा है।  बवाल में जिला जेल के डिप्टी जेलर शैलेश समेत 30 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। केवल एक बंदी शिवम घायल हुआ है उसे इलाज के लिए भेज दिया गया है।

जिला जेल में बवाल के दौरान घायल एक बंदी को इलाज के लिए एंबुलेंस लोहिया अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि शनिवार को एक बंदी के बीमार होने पर उसे इलाज के लिए सैफई भेजा गया था, जहां रात में उसकी मौत हो गयी। इसकी सूचना जेल पहुंची तो सुबह से ही बंदियों ने बवाल शुरू कर दिया। पहले बंदियों ने चाय लेने से मना कर दिया और हंगामे के साथ आगजनी शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मियों के सख्ती करने पर बंदी और भड़क गए जिसके बाद बवाल बढ़ गया। बवाल के करीब दो घंटे बाद आंसू गैस के गोले छोड़ते हुए पुलिस अंदर प्रवेश कर पायी, जिसके बाद अफसर जेल के अंदर पहुंचे, लेकिन बवाल तब भी चलता रहा। अंदर पहुंचे अफसरों ने अब बंदियों को समझाना शुरू किया ।

Exit mobile version