तिरुप्पुर (तमिलनाडु): 22 मार्च (ए) तिरुप्पुर जिले के गुंडाडम इलाके में कथित तौर पर सुस्ती लाने वाली गोलियों से युक्त मिलावटी ताड़ी पीने के बाद कम से कम 40 लोग बीमार पड़ गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पीड़ितों में ज्यादातर स्थानीय खेतिहर मजदूर थे, जिन्होंने शनिवार शाम को एक अवैध बिक्री केंद्र से ताड़ी खरीदकर पीने के तुरंत बाद उल्टी, चक्कर और बेहोशी की शिकायत की।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, ताड़ी में कथित तौर पर सुस्त करने वाली गोलियों (शामक गोली) को मिलाया गया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘बेहोश पाए गए चार व्यक्तियों को तुरंत धरपुरम सरकारी अस्पताल ले जाया गया और बाद में विशेष उपचार के लिए कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (सीएमसीएच) में स्थानांतरित कर दिया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वे निगरानी में हैं।’
स्थानीय प्रशासन ने गुंडाडम और धरपुरम क्षेत्रों में अवैध ताड़ी निकालने और बेचने के खिलाफ व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच जारी है।
