जयपुर: छह अप्रैल(ए) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की पुलिस ने शहर के दो व्यापारियों से कुल 1.40 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राजकीय विद्यालय चुडादा में गणित विषय के शिक्षक विकेश कुमार कमोल ऑनलाइन गेमिंग में लाखों रुपये हारने के बाद कर्ज में डूब गया था और इसलिए पैसे ऐंठने के लिए खुद को गैंगस्टर बताकर व्यापारियों को धमकी दी थी। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि 30 मार्च को आरोपी ने एक व्यापारी की दुकान पर शटर के नीचे और दूसरे व्यापारी के फार्महाउस पर कर्मचारी को धमकी भरे पत्र रखे। पत्र में स्वयं को बड़ा गैंगस्टर बताते हुए एक व्यापारी से 90 लाख रुपये और दूसरे से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
जोशी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की गई और करीब 300 सीसीटीवी फुटेज की तस्वीरों का विश्लेषण करने के बाद आरोपी की पहचान की गई।
उन्होंने बताया कि विकेश ने भोयन घाटी की सुनसान जगह पर व्यापारियों को रुपये रखने को कहा, ताकि आसानी से भाग सके। लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
जोशी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग में लाखों रुपये हार चुका था और कई लोगों से उसने पैसे लिये थे। उन्होंने बताया कि कर्ज देने वालों के दबाव से बचने के लिए विकेश ने यह साजिश रची थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।