चंडीगढ़: 28 जनवरी (ए)
पटियाला रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) नानक सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान गुरविंदर के रूप में हुई है, जो अफीम बरामदगी से जुड़े एक मामले में अदालत में पेशी के लिए आया था। हमलावरों ने उस पर कई गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।डीआईजी ने बताया, “वह चार किलो अफीम की बरामदगी से जुड़े मामले में सुनवाई के लिए अदालत आया था। इस मामले में वह जमानत पर था।”
उन्होंने कहा कि गुरविंदर का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
एक सवाल के जवाब में डीआईजी ने बताया कि गुरविंदर का नाम गुरलाल बराड़ हत्याकांड में भी आरोपी के रूप में दर्ज है और इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
गुरलाल बराड़, पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र संगठन के पूर्व अध्यक्ष और कनाडा में रह रहे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का चचेरा भाई था। उसकी अक्टूबर 2020 में चंडीगढ़ के एक मॉल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
डीआईजी नानक सिंह ने कहा, “हम मामले की जांच कर रहे हैं। हमें कुछ अहम सुराग मिले हैं और यह भी जानकारी है कि इस वारदात को किसने अंजाम दिलवाया। हम जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे।”
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं।पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।