Site icon Asian News Service

छह फेरे लेने के बाद सातवें फेरे में दुल्हन ने दूल्हे से शादी करने से किया इंकार

Spread the love


महोबा, 26 जून (ए)। यूपी के महोबा जिले में दुल्हन द्वारा शादी तोड़ने का नया मामला सामने आया है। शादी न करने को लेकर दुल्हन के फैसले से हर कोई हैरान था। झांसी से कुलपहाड़ तहसील के एक गांव में बारात आई थी। यहां लड़की वालों ने बारातियों का जोरदार स्वागत किया। बाराती भी ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर डांस कर रहे थे। इसके बाद दावत शुरू हुई। बारातियों ने दावत उड़ाई। द्वारचार और जयमाल की रस्म भी शुरू हो गईं। दुल्हन ने दूल्हे को जयमाला पहनाई। जयमाल के दौरान दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे के साथ फोटो खिंचवाई।    इसके बाद फेरों का कार्यक्रम शुरू हो गया। जैसे ही छह फेरा पूरे हुए तो दुल्हन ने घूंघट उठाकर शादी से इनकार कर दिया। अचानक शादी से इनकार की खबर से बारातियों में हड़कंप मच गया। दुल्हन से जब इस बाबत जानकारी ली गई तो उसने कहा उसे दूल्हा पसंद नहीं है इसलिए शादी नहीं करना चाहती। 
जानकारी के अनुसार मुढ़ारी गांव निवासी चंदन पासवान की पुत्री सुमन की शादी झांसी निवासी रामबाबू के पुत्र अमित के साथ तय हुई। 24 जून को शादी तय होने के बाद गांव बारात आई और जयमाला की रस्म के बाद शादी की अन्य रस्मों के बाद भावंर में दुल्हन ने दोगुनी उम्र के दूल्हा के साथ शादी करने से साफ मना कर दिया। मामला गांव के पूर्व प्रधान उमाशंकर मिश्रा तक पहुंचा जहां पंचायत का दौर चला और शादी न होने पर गांव की बदनामी की दुहाई दी गई मगर दुल्हन अपनी जिद में अड़ी रही। बात न बनने पर बारात बिना दुल्हन के बैरंग लौट गई है।
बारातियों का कहना है कि शादी नहीं करनी थी तो जयमाला और शादी की अन्य रस्में ही क्यों कराई गई। बताया जा रहा है कि दूल्हा की झांसी में खुद की दुकान है और वह बैंड बाजा की बुकिंग करता है। सात बहनों में वह अकेला भाई है। जबकि दुल्हन की चार बहन और दो भाई है। दुल्हन का शादी से इंकार करना गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जानकारी मिली है मगर किसी भी तरफ से कोई तहरीर नही दी गई है। मामले की छानबीन के बाद जानकारी होगी।

Exit mobile version