उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक डॉ श्याम बिहारी का दिल का दौरा पड़ने से निधन

उत्तर प्रदेश बरेली
Spread the love

बरेली (उप्र): दो जनवरी (ए)) बरेली जिले के फरीदपुर (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार दोपहर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पार्टी और परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी।

डॉ श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल थे। उन्होंने बृहस्पतिवार को अपना 60 वां जन्मदिन मनाया था। जानकारी के   मुताबिक शुक्रवार दोपहर को यहां सर्किट हाउस में राज्य के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की एसआईआर को लेकर बैठक चल रही थी। इसी दौरान डॉ. श्याम बिहारी लाल को अचानक सीने में तेज और असहनीय दर्द उठा। हालत बिगड़ते देख अफसरों और सहयोगियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सीपीआर सहित तमाम प्रयास किए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल के डॉ. विमल भारद्वाज ने बताया कि उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण सफलता नहीं मिली।             मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बीजेपी विधायक के निधन पर शोक प्रकट किया है. एक्स पर शेयर एक पोस्ट में सीएम योगी ने लिखा, ‘जनपद बरेली के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं.’