हाथरस से भाजपा सांसद राजवीर दिलेर का निधन

उत्तर प्रदेश हाथरस
Spread the love
FacebookTwitterLinkedinPinterestWhatsapp

हाथरस,24 अप्रैल (ए)। यूपी के हाथरस से मौजूदा भाजपा सांसद राजवीर दिलेर का दिल का दौरा पड़ने के बाद बुधवार शाम को एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। पार्टी पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, दिलेर की मृत्यु की वजह हृदयाघात बताई गई है। शाम को सुरक्षा विहार स्थित आवास पर तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन आनन-फानन उन्हें ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिलेर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हाथरस लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजवीर सिंह दिलेर जी का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद एवं भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।’’उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों और उनके समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। राजवीर सिंह दिलेर 2019 में हाथरस लोकसभा सीट से जीते थे। 2024 चुनाव में भाजपा ने उनका टिकट काट दिया था। उनके स्थान पर राजस्व राज्य मंत्री अनूप वाल्मीकि को प्रत्याशी बनाया है। टिकट कटने के बाद भी राजवीर सिंह दिलेर लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे थे। हाथरस और अलीगढ़ के कार्यक्रमों में शामिल हो रहे थे। दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अलीगढ़ में जनसभा में वह मंच पर रहे थे। राजवीर सिंह दिलेर के पिता किशनलाल दिलेर भी भाजपा के दिग्गज नेता रहे। वह लगातार पांच बार विधायक और चार बार सांसद रहे थे। राजवीर दिलेर के निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

FacebookTwitterWhatsapp