लखनऊ, पांच फरवरी (ए)।उत्तर प्रदेश में अब चीनी मांझे का इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे गंभीर मामला बताते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वे प्रदेश भर में सघन छापेमारी अभियान चलाकर इसकी बिक्री और उपलब्धता पर पूरी तरह रोक लगाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चीनी मांझे के कारण किसी की भी जान जाने पर इसे हत्या माना जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे प्रदेश स्तर पर चल रहे अभियान की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। सीएम योगी ने अधिकारियों से सवाल किया कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में चीनी मांझा कैसे पहुंच रहा है और इसकी बिक्री कौन कर रहा है, और इसे तुरंत रोकने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने जानकारी दी कि बुधवार को लखनऊ में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की चीनी मांझे से गला कटने के कारण मौत हो गई। वह काफी देर तक तड़पता रहा। बीते एक साल में प्रदेश में ऐसी 8 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सीएम ने कहा कि अब किसी भी हाल में चीनी मांझे से होने वाली मौत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।