किसान की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या

अमेठी उत्तर प्रदेश
Spread the love

अमेठी (उत्तर प्रदेश): 15 फरवरी (ए)) अमेठी जिले के एक गांव में खेत की रखवाली कर रहे एक किसान की कथित तौर पर धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मामला शनिवार रात मोहनगंज थाना क्षेत्र के पूरे घिसई गांव का है जहां किसान शिवकुमार (55) नीलगाय और आवारा जानवरों से फसल बचाने के लिए रखवाली कर रहे थे।

उसने बताया कि शिवकुमार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद खेत गए थे।

पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे गांव के कुछ लोग वहां गए और शिवकुमार को आवाज लगाई, जब कोई जवाब नहीं मिला तो लोग झोपड़ी के अंदर गए तो देखा कि वहां शिवकुमार खून से लथपथ मृत पड़े थे।

थाना प्रभारी राकेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शिवकुमार की हत्या सिर पर धारदार हथियार से वार कर की गई है।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।