50 तक गिनती न लिख पाने पर पिता ने बेटी की हत्या की

राष्ट्रीय
Spread the love

फरीदाबाद: 23 जनवरी (ए)) हरियाणा के फरीदाबाद में एक पिता ने अपनी चार वर्षीय बेटी को घर पर पढ़ाते समय 50 तक गिनती न लिख पाने के कारण कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सेक्टर 58 थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी कृष्णा जायसवाल (31) को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे शुक्रवार को शहर की अदालत में पेश किया गया जहां से उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कृष्णा जायसवाल के रूप में हुई है. वह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के खेरटिया गांव का रहने वाला है और  सेक्टर 58 इलाके में किराए के मकान में रहता था. आरोपी और उसकी पत्नी दोनों निजी कंपनियों में काम करते थे. पत्नी दिन में नौकरी पर जाती थी, जबकि कृष्णा जायसवाल घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करता था और बेटी को पढ़ाता था.

घटना वाले दिन कृष्णा ने अपनी चार साल की बेटी को एक से 50 तक गिनती लिखने को कहा. बच्ची जब यह काम पूरा नहीं कर पाई तो वह गुस्से में आ गया. आरोप है कि उसने बच्ची को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया. मारपीट इतनी ज्यादा थी कि बच्ची की मौके पर ही हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई.

शाम को जब मां काम से घर लौटी तो उसने बेटी को मृत हालत में पाया. इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.