गोरखपुर (उप्र): 23 फ़रवरी (ए)
पुलिस के अनुसार, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में प्रसूति एवं स्त्रीरोग विज्ञान में तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही नगालैंड निवासी महिला डॉक्टर रविवार रात करीब आठ बजे जब एक मॉल से लौट रही थी तो तीन पुरुषों ने लगभग 1.5 किलोमीटर तक उनका पीछा किया और अश्लील टिप्पणियां कीं व अपशब्द कहे।
सेना शिविर के पास एम्स के गेट नंबर दो के निकट एक व्यक्ति ने चिकित्सक को कथित रूप से गलत तरीके से छुआ। डॉक्टर ने शोर मचाया तो तीनों आरोपी वहां से भाग गए।
घटना से आहत डॉक्टर ने ‘नॉर्थ ईस्ट फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स’ (एनएएफओआरडी) को सूचना दी।
फेडरेशन ने ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए लिखा कि एम्स गोरखपुर में तृतीय वर्ष की रेजिडेंट डॉक्टर को गंभीर नस्लीय उत्पीड़न और यौन हमले का सामना करना पड़ा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ ने पुष्टि की कि एम्स थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों से जुड़ी एक मोटरसाइकिल की पहचान की गई है और पुलिस की चार टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तैनात की गई हैं।
एसएसपी ने आश्वासन दिया कि दोषियों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।