अयोध्या में भाजपा के पूर्व पार्षद को संपत्ति विवाद में गोली मारी

अयोध्या उत्तर प्रदेश
Spread the love

अयोध्या (उप्र): तीन अक्टूबर (ए)) अयोध्या के रामघाट चौराहे के करीब बाइक सवार बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पूर्व पार्षद को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार अयोध्या में बृहस्पतिवार की रात दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान रामघाट चौराहे के पास बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर नगर निगम के पूर्व पार्षद आलोक सिंह (30) को गोली मार दी।गंभीर हालत में उन्हें अयोध्या के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें अयोध्या मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे संपत्ति से जुड़ा विवाद सामने आया है।

अयोध्या के पुलिस अधीक्षक (नगर) चक्रपाणि त्रिपाठी ने कहा, ‘ घायल का अभी भी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है और पुलिस ने गोली चलाने वाले उनके साथी को हिरासत में ले लिया है।’

पुलिस ने बताया, ‘घटना के पीछे उनके ही साथियों से प्रॉपर्टी डीलिंग को लेकर विवाद सामने आया है। इसी बात को लेकर उनके बीच कई दिनों से तनाव चल रहा था।’

पुलिस के मुताबिक, ‘रामघाट चौराहा निवासी भाजपा के पूर्व पार्षद आलोक सिंह अपने कुछ परिचितों के साथ घर के पास खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। आलोक सिंह ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा करके उन्हें गोली मार दी गई, जिससे वह वहीं गिर पड़े।’