वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत, एक घायल

पूर्णिया बिहार
Spread the love

पूर्णिया: तीन अक्टूबर (ए)) बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार तड़के पटरी पार करते समय वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पूर्णिया जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक मुन्ना कुमार ने कहा कि यह हादसा सुबह करीब चार बजे कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर हुआ। मुन्ना कुमार ने कहा,‘‘लोगों का एक समूह पटरियां पार करने की कोशिश कर रहा था। अंधेरा और आसमान में बादल छाए होने के कारण वे समय रहते तेज गति से आ रही ट्रेन के प्रति सतर्क नहीं हो सके।’

उन्होंने बताया कि एक मात्र जीवित बचे व्यक्ति को इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की उम्र 14 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है और सभी पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड के निवासी थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।