घर में लगी आग बुझाने के दौरान गैस सिलेंडर में विस्फोट; पुलिसकर्मियों समेत 13 लोग घायल

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 22 फरवरी (ए)) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मजलिस पार्क में एक घर में लगी आग को बुझाने की कोशिश के दौरान एक एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों समेत 13 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घर में सुबह करीब नौ बजे आग लग जाने के बाद उसे बुझाने का प्रयास कर रहे छह पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट के कारण घायल हो गए। इस दौरान इमारत में और आसपास मौजूद कई स्थानीय लोग भी घायल हो गए।उत्तर-पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि मजलिस पार्क के सी-ब्लॉक स्थित एक मकान में आज सुबह करीब 9 बजे आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। लेकिन आग की लपटें इतनी तेजी से फैल रही थीं, कि आसपास के मकानों को भी इससे खतरा पैदा हो गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। बचाव और राहत कार्य शुरू किया गया।जब दमकलकर्मी घर में आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। तभी मकान के अंदर रखे एक गैस सिलेंडर में अचानक तेज धमाका हो गया। यह ब्लास्ट इतना जोरदार था कि आसपास खड़े पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी उसकी चपेट में आ गए। धमाके की वजह से मलबा उड़ने लगा और आग की लपटें और भीषण हो गईं, जिससे कुल 13 लोग घायल हो गए। जिनमें तीन पुलिसकर्मी और तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं।हादसे के बाद सभी घायलों तुरंत एंबुलेंस के जरिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों उनका इलाज कर रहे हैं। वहीं घटनास्थल पर दमकल विभाग की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया और उसपर काबू पा लिया। हालांकि, सिलेंडर फटने के कारण बचाव अभियान और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया था। फिलहाल आग के कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसके लिए जांच की जा रही है।