नई दिल्ली,27 मार्च (ए)। सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण कच्चे तेल की वैश्विक स्तर पर बढ़ती कीमतों से निपटने में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) जैसी तेल विपणन कंपनियों की मदद करने के लिए पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया है और डीजल पर इसे शून्य कर दिया गया है।
वित्त मंत्रालय द्वारा 26 मार्च को जारी एक अधिसूचना के अनुसार पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है जबकि डीजल पर यह शुल्क पहले के 10 रुपये से घटाकर शून्य कर दिया गया है।

इस फैसले से तेल कंपनियों की लागत कम होगी और इसका सीधा असर खुदरा कीमतों पर देखने को मिल सकता है।
सरकार के इस कदम को ऊर्जा संकट और बढ़ती महंगाई के बीच राहत के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे ट्रांसपोर्ट खर्च कम होगा, जिसका असर रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।