भारत अब ईरान के बजाय वेनेजुएला से तेल खरीदेगा: ट्रंप ने किया दावा

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

न्यूयॉर्क: एक फरवरी (ए)) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत अब ईरान के बजाय वेनेजुएला से तेल खरीदेगा। ट्रंप के मुताबिक, इस संबंध में भारत के साथ एक समझौता हो चुका है। वॉशिंगटन डीसी से एयर फोर्स वन में यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि भारत के साथ इस तेल सौदे का ढांचा पहले ही तय कर लिया गया है।उन्होंने कहा, “हमने एक डील फाइनल कर ली है। भारत अब ईरान की जगह वेनेजुएला से तेल खरीदेगा।” हालांकि, इस दावे पर भारत सरकार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अगर चीन चाहे तो वह भी वेनेजुएला से तेल खरीद सकता है। उनके मुताबिक, वेनेजुएला के साथ तेल कारोबार को लेकर अन्य देशों के लिए भी विकल्प खुले हुए हैं।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की बड़ी निजी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वेनेजुएला से फिर से कच्चा तेल खरीदने के लिए अमेरिका से मंजूरी लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिमी देश भारत पर रूस से तेल आयात कम करने का दबाव बना रहे हैं। ऐसे में रिलायंस इंडस्ट्रीज अपने लिए वैकल्पिक तेल सप्लाई को सुरक्षित करना चाहती है।

सूत्रों के अनुसार, इस मंजूरी को हासिल करने के लिए रिलायंस के प्रतिनिधि अमेरिका के यूएस स्टेट डिपार्टमेंट और यूएस ट्रेजरी डिपार्टमेंट के अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर रिलायंस इंडस्ट्रीज ने रॉयटर्स की ओर से भेजे गए ईमेल का तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।