ईरान ने अमेरिकी सेना के एयरक्राफ्ट कैरियर- अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

दुबई ,एक मार्च (ए)।अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई का जवाब देने के लिए ईरान- ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 चला रहा है। इस संबंध में देश के सुरक्षाबलों की तरफ से चौथा बयान जारी किया गया है। ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स  की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि ईरान की सेना ने दुश्मनों के ठिकानों पर हमले के बाद, अमेरिकी सेना के एयरक्राफ्ट कैरियर- अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है।  सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA और आईआरजीसी के चौथे बयान के हवाले से दावा किया गया है कि ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ के तहत ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने अमेरिकी-इजरायली टारगेट्स पर कार्रवाई की. इसी दौरान अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन को चार बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया गया. हालांकि अमेरिकी सेना ने ईरानी मीडिया के दावे को सिरे से खारिज किया है।अमेरिका और इस्राइल की तरफ से की गई भीषण बमबारी के बावजूद ईरान ने पलटवार जारी रखने की कसम खाई है। देश के राष्ट्रपति और विदेश मंत्री ने साफ किया है कि ईरान पर युद्ध थोपा गया है।अल जजीरा की एक रिपोर्ट के मुताबिक बीते करीब 40 घंटे से अधिक समय की बमबारी में अब तक 215 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। ईरान के अलावा इस्राइल और आसपास के अन्य देशों को मिलाकर 1000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अकेले ईरान में 201 लोग जान गंवा चुके हैं, जबकि 740 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

इजराइल के यरुशलम से लगभग 35 किलोमीटर दूर बेत शेमेश में एक आवासीय इमारत पर हुए सीधे मिसाइल हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी रविवार को बचाव सेवाओं ने दी।

इससे शनिवार से अब तक ईरानी हमले में इजराइल में मारे गए लोगों की कुल संख्या कम से कम नौ हो गई है।

मिसाइल, गोलाबारी और बमबारी की चपेट में आने वाले अन्य लोग ईराक, कुवैत, कतर, बहरीन, ओमान और यूएई के हैं। हताहतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। इस बीच अमेरिका के रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने फॉक्स न्यूज को जानकारी दी है कि अमेरिकी सेना ने ईरान पर हाल ही में हुए हमलों में बी-2 स्टेल्थ बॉम्बर्स का इस्तेमाल किया है। यह पुष्टि उन रिपोर्टों के बाद आई है जिनमें फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के आधार पर इन विमानों की मौजूदगी का दावा किया गया था।अधिकारी के अनुसार, चार बी-2 बॉम्बर्स ने अमेरिका से सीधे उड़ान भरी और ईरान तक का सफर तय किया। इन विमानों ने ईरान की जमीन के नीचे बनी बैलिस्टिक मिसाइल साइट्स को निशाना बनाया। इन हमलों के चलते भीषण तबाही की आशंका जताई जा रही है। हमले के दौरान इन बॉम्बर्स ने दर्जनों 2,000 पाउंड के भारी बम गिराए। B-2 बॉम्बर्स अपनी खास तकनीक के कारण रडार की पकड़ में नहीं आते।