दुबई, तीन अप्रैल(ए)।पश्चिम एशिया में चल रही जंग के दौरान ईरान की सीमा के भीतर अमेरिका के एक लड़ाकू विमान को निशाना बनाया गया। इस घटना के बाद अमेरिकी सेना ने अपने लापता पायलटों और चालक दल को बचाने के लिए एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस बीच खबर है कि अमेरिकी सेना ने एक पायलट को सुरक्षित बचा लिया है। वहीं, दूसरे पायलट और चालक दल के सदस्यों को ढूढ़ने की कोशिश जारी है। दूसरी ओर ईरानी मीडिया दावा कर रहा है कि उनकी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) ने अमेरिका के दो लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। यह भी दावा किया जा रहा है कि विमान का पायलट दक्षिण-पश्चिमी ईरान में पैराशूट के जरिए सुरक्षित कूद गया था, जिसे अब बंधक बना लिया गया है।हालांकि, ईरान के खातम अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान में केशम द्वीप के दक्षिण में एक दूसरे पांचवीं पीढ़ी के अमेरिकी एफ-35 विमान को आईआरजीसी एयरोस्पेस फोर्स की नई वायु रक्षा प्रणाली ने निशाना बनाकर गिरा दिया। उन्होंने कहा कि पायलट के सुरक्षित विमान से बाहर निकलने की संभावना न के बराबर है। इसके अलावा ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने यह भी दावा किया कि मध्य तेहरान में अमेरिका का एक और अत्याधुनिक F-35 लड़ाकू विमान मार गिराया गया है। हालांकि, अमेरिका की तरफ से अभी तक सिर्फ एक विमान के क्रैश होने और ऑपरेशन चलने की बात कही गई है। अब वह विमान कौन सा है इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। 