एलपीजी आपूर्ति संकट के बीच पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 13 मार्च (ए)) दिल्ली पुलिस ने रसोई गैस (एलपीजी) आपूर्ति संबंधी चिंताओं के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से अपने कर्मियों की नियमित छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं।

रसोई गैस आपूर्ति को लेकर घरों और व्यवसायों में व्यापक चिंता का माहौल बना हुआ है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “राष्ट्रीय राजधानी में उच्च स्तरीय तत्परता बनाए रखने के लिए अब छुट्टी के आवेदन केवल वास्तविक आपात स्थितियों में ही स्वीकृत किए जाएंगे।”

नियमित छुट्टियों को रद्द करने के अलावा, दिल्ली पुलिस ने सभी जिला पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) को एलपीजी सिलेंडर रखने वाले सभी गोदामों/वेयरहाउस की पहचान करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अपने कर्मियों को चौबीसों घंटे तैनात करने के लिए कहा है।अधिकारी ने कहा, “विशेष इकाइयों को सोशल मीडिया पर नजर रखने और किसी भी प्रकार की फर्जी कहानी का मुकाबला करने के लिए कहा गया है, साथ ही उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में लगे होर्डिंग्स की भी जांच करने को कहा गया है।”यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब गृह मंत्रालय  ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को देश की एलपीजी आपूर्ति श्रृंखला के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की सलाह दी है, जिसमें बुनियादी ढांचा, परिवहन और वितरण कर्मी शामिल हैं।इस निर्देश में आवश्यक आपूर्ति की सुरक्षा और एलपीजी की संभावित कमी की अफवाहों के बीच सार्वजनिक अशांति को रोकने के महत्व पर जोर दिया गया है।अधिकारियों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे नियमित रूप से जन जागरूकता अभियान चलाएं, स्वतंत्र रूप से और तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के माध्यम से, ताकि नागरिकों को आश्वस्त किया जा सके कि निर्बाध एलपीजी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त उपाय किए गए हैं।