विधायक संजय सरावगी को बिहार भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया

पटना बिहार
Spread the love

नयी दिल्ली: 15 दिसंबर (ए)) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दरभंगा सदर सीट से विधायक और पूर्व मंत्री संजय सरावगी को सोमवार को पार्टी की बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

इसमें कहा गया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विधायक संजय सरावगी को पार्टी की बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।इससे पहले रविवार को भाजपा ने अपने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के नाम का एलान किया था। पार्टी ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके बाद सोमवार को बिहार भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए संजय सरावगी को राज्य की कमान सौंप दी है।

संजय सरावगी का जन्म 1969 में हुआ था और उन्होंने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से एमए तक की शिक्षा पूरी की है। उनका राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ, जहां उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में सक्रिय भूमिका निभाई। जमीनी स्तर पर राजनीति की शुरुआत उन्होंने 2003 में की, जब उन्होंने नगर निगम में वार्ड नंबर 6 से वार्ड पार्षद का चुनाव जीतकर अपनी पहली चुनावी जीत दर्ज की।

उनका विधायक बनने का सफर फरवरी 2005 के विधानसभा चुनाव से शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने अक्टूबर 2005, 2010, 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में भी लगातार जीत हासिल की। 2025 के विधानसभा चुनाव में भी वह एक बार फिर इसी सीट से चुनकर विधानसभा पहुंचे हैं। उन्होंने 2010 में राजद उम्मीदवार को 26,000 मतों से, 2015 में महागठबंधन के उम्मीदवार को 7,000 मतों से और 2020 में फिर से राजद उम्मीदवार अमरनाथ गामी को 10,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया था।