पटना,31 अक्टूबर (ए)
।राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी करते हुए युवाओं और महिलाओं को लेकर बड़े वादे किए।
राजग ने दावा किया कि इस राज्य में उसके सत्ता में आने पर हर युवा के ‘‘सुनहरे भविष्य की गारंटी’’ दी जाएगी, जबकि महिलाओं को ‘‘समृद्धि और आत्मनिर्भरता’’ के मार्ग पर आगे बढ़ाया जाएगा।
घोषणापत्र में कहा गया है कि राजग एक करोड़ से अधिक सरकारी नौकरियां और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा। इसके लिए राज्य में कौशल जनगणना कराई जाएगी और कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, हर जिले में विशाल कौशल केंद्र स्थापित कर बिहार को वैश्विक कौशल केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
महिलाओं के लिए राजग ने ‘‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’’ की घोषणा की है, जिसके तहत महिलाओं को दो लाख रुपए तक की सहायता राशि दी जाएगी। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और राज्य की अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ाने में मदद करेगी।
पटना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) प्रमुख जीतन राम मांझी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति मंच (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल मौजूद थे।
कार्यक्रम में जदयू के वरिष्ठ नेता संजय झा और भाजपा के वरिष्ठ संगठन महामंत्री विनोद तावड़े भी थे।