काबुल: 13 मार्च (ए)
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयम बरतने की अपील के बावजूद दोनों पड़ोसी देशों के बीच लड़ाई का यह तीसरा सप्ताह है।
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्ला मुजाहिद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि पाकिस्तान के विमान ने कंधार हवाई अड्डे के पास स्थित निजी एयरलाइन ‘काम एयर’ से संबंधित ईंधन डिपो (ईंधन भंडार केंद्र) पर भी हमला किया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह कंपनी नागरिक विमानों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के विमान को ईंधन की आपूर्ति करती है।’’
इस बीच, पाकिस्तान के सरकारी टेलीविजन ने बताया कि देश के सशस्त्र बलों ने चलाए जा रहे अभियान के तहत ‘अफगानिस्तान के अंदर सफल हवाई हमले’ किए, जिसमें अफगानिस्तान में कथित तौर पर चार आतंकवादी ठिकानों और उनके सहायक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।
ये घटनाक्रम दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है, जिसे पाकिस्तान ने ‘खुला युद्ध’ करार दिया है।
इससे क्षेत्र में स्थिरता को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं, क्योंकि अमेरिका और इजराइल का ईरान के खिलाफ चल रहा युद्ध लगातार जारी है, जिससे व्यापक अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
यह विवाद पाकिस्तान के इस विश्वास पर आधारित है कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार उन आतंकवादी समूहों को पनाह दे रही है जो उसके खिलाफ हमले करते हैं और साथ ही उसके कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत के साथ गठबंधन कर रही है।
तालिबान ने आतंकवादी समूहों को पनाह देने से इनकार किया है।
फरवरी के आखिर से ही पाकिस्तान और अफगानिस्तान एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। अफगानिस्तान ने कहा था कि उसने सीमा पर पाकिस्तानी हमलों के जवाब में पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाकर हमले किए थे। पाकिस्तान की सेना का कहना है कि उसके अभियानों में सीमा पर मौजूद पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) और उनके समर्थक नेटवर्क को निशाना बनाया गया था। पाकिस्तानी तालिबान और उनके समर्थक नेटवर्क को अफगानिस्तान ने कभी औपचारिक रूप से मान्यता नहीं दी है।
दोनों पक्षों ने भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है जो वर्षों में उनकी सबसे घातक लड़ाई बन गई है और पाकिस्तान इसे अफगानिस्तान के साथ ‘‘खुला युद्ध’’ बता रहा है।
‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में मुजाहिद ने दावा किया कि पाकिस्तानी हमलों में अफगानिस्तान के पक्तिया और पक्तिका प्रांतों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में कई नागरिक स्थलों और निर्जन स्थानों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि इन हमलों का जवाब जरूर दिया जाएगा।
काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद जादरान ने बताया कि काबुल में बच्चों समेत कम से कम चार नागरिक मारे गए और 15 अन्य घायल हो गए।
पूरे अफगानिस्तान में हताहतों की कुल संख्या स्पष्ट नहीं है।
पाकिस्तान द्वारा किए गए ये ताजा हमले चीन के विशेष दूत यू शियाओयोंग के काबुल की यात्रा के बाद इस्लामाबाद पहुंचने और अपने पाकिस्तानी समकक्ष मोहम्मद सादिक से मुलाकात के एक दिन बाद हुए हैं।
काबुल की यात्रा के दौरान यू शियाओयोंग अफगान सरकार के अधिकारियों से मिले थे।
