मॉस्को: एक अप्रैल (एपी) रूस का एक सैन्य विमान उसके कब्जे वाले क्रीमिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार चालक दल के छह सदस्य और 23 यात्री मारे गए। रूसी समाचार एजेंसियों ने देश के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बुधवार तड़के यह जानकारी दी।
खबरों के अनुसार, एएन-26 सैन्य परिवहन विमान क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर एक निर्धारित उड़ान पर था और मंगलवार शाम करीब छह बजे सेना का विमान से संपर्क टूट गया। क्रीमिया को रूस ने 2014 में यूक्रेन से अपने कब्जे में ले लिया था।
तास न्यूज एजेंसी ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से रिपोर्ट में बताया कि इस सैन्य परिवहन विमान से संपर्क 31 मार्च को मास्को के समय के अनुसार शाम लगभग 6:00 बजे (जीएमटी 3:00 बजे) क्रीमिया के ऊपर एक नियमित उड़ान के दौरान टूट गया था।
मंत्रालय ने कहा, “खोज और बचाव दल ने विमान के दुर्घटनास्थल का पता लगा लिया है। विमान में सवार छह क्रू सदस्यों और 23 यात्रियों की मौत हो गई है।”
मंत्रालय का अनुमान है कि यह दुर्घटना संभवतः किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई। एएन-26 एक हल्का सामरिक सैन्य परिवहन विमान है। यह दशकों से सेना का मुख्य आधार रहा है और छोटी तथा मध्यम दूरी तक माल और 40 यात्रियों तक को ले जा सकता है।