यूक्रेन के मिसाइल हमले के बाद काला सागर में डूबा रूस का युद्धपोत

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love
FacebookTwitterLinkedinPinterestWhatsapp


कीव,15 अप्रैल (ए)। यूक्रेनी मिसाइल हमले में काला सागर में रूस का एक युद्धपोत डूब गया है। गुरुवार शाम रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि, गाइडेड मिसाइल क्रूजर मोस्कवा डूब गया है। रूस ने युद्धपोत पर यूक्रेनी हमले का खंडन किया है। रूस का कहना है कि, युद्धपोत आग लगने के कारण डूबा। हालांकि, यूक्रेन की ओर से पहले ही दावा किया जा चुका था कि, उनकी सेना ने युद्धपोत पर मिसाइल से हमला किया था। उधर, पेंटागन ने इसे रूस की सांकेतिक हार बताया है। 
यूक्रेन के सशस्त्र बलों के मुताबिक, दक्षिणी यूक्रेन में रूसी सैनिकों को काफी नुकसान हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 39 रूसी सैनिक मारे गए हैं, वहीं रूस के चार वाहन भी नष्ट कर दिए गए हैं। 
रूस-यूक्रेन जंग के बीच युद्ध बंदियों की अदला-बदली भी तेजी से चल रही है। यूक्रेनी ऑपरेशनल कमांड साउथ की रिपोर्ट के मुताबिक, उसने पांच यूक्रेनी सैनिकों के बदले चार रूसी सैनिकों को छोड़ दिया । इस बीच देश छोड़कर जाने वालों में सबसे ज्यादा महिलाएं व बच्चे ही हैं। खबरों के मुताबिक, कुल शरणार्थियों की 90 प्रतिशत संख्या महिला व बच्चे हैं। दरअसल, पुरुषों को देश छोड़कर जाने की इजाजत नहीं है। 
रूस-यूक्रेन जंग में अब तक यूक्रेन को बहुत नुकसान हो चुका है। उसके कई शहर खंडहर बन गए हैं। हजारों लोग मारे जा चुके हैं। इस बीच संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त कार्यालय की ओर से कहा गया है कि, 50 लाख से ज्यादा यूक्रेनी अब तक देश छोड़कर चले गए हैं। वहीं 70 लाख लोग आंतरिक रूप से विस्थापित हो चुके हैं। 

FacebookTwitterWhatsapp